नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने 17 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में ‘नमो भारत दिवस 2026’ मनाया, जो नमो भारत के सफल संचालन के तीन वर्ष पूरे होने और क्षेत्रीय आवागमन में एक परिवर्तनकारी यात्रा का प्रतीक है। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री, मनोहर लाल, माननीय केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, तोखन साहू, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के पूंजी विकास विभाग की सचिव एवं एनसीआरटीसी की अध्यक्ष, डी. थारा और शहरी विकास विभाग के सचिव, सत्येंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक, शलभ गोयल ने निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर इस परियोजना में योगदान करने वाले उन लोगों का भी सम्मान किया गया, जिनकी बदौलत यह बदलाव संभव हो सका है। सभा को संबोधित करते हुए, एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा, “एनसीआरटीसी की स्थापना देश में एक आधुनिक, सुरक्षित, भरोसेमंद और पर्यावरण के अनुकूल क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी। आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यह गर्व की बात है कि हमने इस विजन को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे वास्तविकता में बदलने की दिशा में ठोस और उल्लेखनीय प्रगति की है।” उन्होंने उन परिवारों का विशेष आभार व्यक्त किया, जो हर चुनौती के समय टीम के सदस्यों के साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने उनके इस अटूट समर्थन को संगठन की यात्रा का एक अहम हिस्सा बताया।

इस अवसर पर वार्षिक एनसीआरटीसी पुरस्कार समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों को वर्ष भर उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों को उनके समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए सराहा गया और ‘नमो भारत’ के सफल क्रियान्वयन तथा संचालन में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की गई। इन पुरस्कारों के माध्यम से न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, बल्कि उस सामूहिक भावना और टीम वर्क को भी सम्मानित किया गया, जो एनसीआरटीसी की यात्रा को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी समावेश रहा, जहाँ संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल में रंग भर दिया और नई ऊर्जा का संचार किया।