नई दिल्ली। ऊर्जा मंत्रालय में सचिव पंकज अग्रवाल ने सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय में विद्युत मामलों के सहायक मंत्री, महामहिम इंजीनियर नासिर अल-कहतानी के साथ एक वर्चुअल द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य ‘भारत-सऊदी अरब इलेक्ट्रिकल इंटरकनेक्शन’ पहल की प्रगति की समीक्षा करना और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करना था।
बैठक में मुख्यरूप से भारत और सऊदी अरब के बीच प्रस्तावित इलेक्ट्रिकल इंटरकनेक्शन की प्रगति पर चर्चा की गई, जिसमें दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग और बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। दोनों पक्षों ने आगे की राह पर अपने विचार साझा किए और इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर बातचीत करते रहने के महत्व पर जोर दिया।
दोनों पक्षों ने बिजली क्षेत्र में आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने के अवसरों के बारे में भी चर्चा की, जिसमें तकनीकी सहयोग, ज्ञान साझा करने और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।
सऊदी अरब ने अन्य कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखाई, जिनमें एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) ट्रांसमिशन सिस्टम; ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा का योगदान बढ़ने से जुड़ी तकनीकी और परिचालन संबंधी चुनौतियों का समाधान करना; उभरते डेटा सेंटरों की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए कार्यनीतियां बनाना और बिजली प्रणाली की बदलती जरूरतों के अनुसार ग्रिड कोड को अपडेट करना शामिल हैं।
दोनों पक्षों ने बिजली क्षेत्र में भारत-सऊदी अरब की साझेदारी और बढ़ाने के लिए रचनात्मक बातचीत जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।