स्थानीय निधि लेखा समिति 22 को ऊना में करेगी ऑडिट पैराग्राफ की समीक्षा

ऊना,. हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्तूबर को ऊना में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऑडिट पैराग्राफ की समीक्षा करेगी। बैठक सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में होगी।
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ और पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पंचायती राज एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों के सीएजी ऑडिट पैराग्राफ भी समीक्षा के दायरे में रहेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक के लिए 22 अक्तूबर को सुबह साढ़े 9 बजे जिला परिषद हॉल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि समिति के सभापति विधायक संजय रत्न हैं। समिति के अन्य सदस्यों में विधायक डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इंद्रदत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर और विवेक शर्मा (विक्कू) शामिल हैं।