जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में शामिल हुए जयराम ठाकुर

शिमला। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बागवानों को अपने उत्पाद का दाम स्वयं तय करने की गारंटी देकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के किसानों-बागवानों को सिर्फ ठगने का काम किया है। एमआईएस के तहत खरीदे गए सेब का भुगतान नहीं मिलने के कारण प्रदेश के बागवान सरकार की राह देख रहे हैं। सरकार उनका पूरा उत्पाद खरीदने की बजाय उसे न खरीदने की तरकीबें निकाल रही है। पूर्व सरकार में भाजपा द्वारा बागवानों के हितों के लिए कई कदम उठाए गए, जिन्हें सुक्खू सरकार आगे नहीं बढ़ा सकी। इस सरकार ने जनहित में खोले गए स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों को बंद करने, झूठ बोलने और लोन लेने के अलावा कोई काम नहीं किया है। प्रदेश के लोग भी अब कांग्रेस सरकार की इस तालाबंदी के खिलाफ उसे सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं पूरे प्रदेश में घूम-घूमकर देख रहा हूं कि चारों तरफ भारतीय जनता पार्टी के लिए जबरदस्त उत्साह है। पंचायत चुनाव में जिला शिमला में जिस तरह भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिला है और जनसभाओं में जिस तरह का उत्साह दिखाई दे रहा है, उससे आगामी विधानसभा चुनाव के परिणाम स्पष्ट हैं। शिमला जिला से भी भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से एकजुट होकर कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के लिए जी-जान से काम करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और उनके नेतृत्व से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी से कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होकर पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं, संस्थानों पर ताले लगे हैं और कर्ज का बोझ बढ़कर 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज ले रही है, न पुराने कर्ज की वापसी कर रही है और न ही विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सुक्खू सरकार विकास के बजाय अपनी कुर्सी बचाने और मित्रों के घर भरने में जुटी है। जनमंच, हिमकेयर, सहारा और स्वावलंबन जैसी जनहितकारी योजनाओं को बंद कर सरकार ने आम जनता को नुकसान पहुंचाया है। पंचायत चुनावों में जनता ने कांग्रेस को आईना दिखा दिया है। भाजपा ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और जनता के अधिकार सुनिश्चित किए। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं और बजट से ही प्रदेश में बड़े विकास कार्य हो रहे हैं, जबकि कांग्रेस सरकार झूठी गारंटियों और नए जिलों के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विकास की गति देने के लिए फिर से डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, जबकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कुशासन से विकास पिछड़ रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोटखाई सहित शिमला जिले में व्यापक विकास कार्य हुए, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन क्षेत्रों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि शिमला जिला परिषद में 26 वर्षों बाद भाजपा की जीत और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट संकेत है कि जनता कांग्रेस से निराश है। आगामी विधानसभा चुनावों में जुब्बल-नावर-कोटखाई सहित पूरे हिमाचल में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।