खेल महाकुंभ 2026 का बनूटी में शुभारंभ, 10 हजार के करीब प्रतिभागी लेंगे भाग: विक्रमादित्य सिंह

शिमला ग्रामीण में चार वर्षों में 600 करोड़ और प्रदेश में दोनों विभागों के माध्यम से 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए

शिमला। लोकक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में खेल महाकुंभ 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस खेल महाकुंभ में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ लगभग 20 दिनों तक चलेगा और इसका समापन 15 नवंबर को सुन्नी में होगा। इस वर्ष करीब 9,500 से 10,000 प्रतिभागियों के विभिन्न खेलों में भाग लेने की उम्मीद है। कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और रस्साकशी के अलावा मॉडलिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। पहली बार बॉक्सिंग को भी शामिल किया जा रहा है, जिसके परिचयात्मक मुकाबलों में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता सर्वोपरि

विक्रमादित्य सिंह ने आयोजन समिति, रेफरी और अंपायरों को सभी मुकाबले निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य जीत-हार से बढ़कर अधिकाधिक लोगों को समान अवसर प्रदान करना है। किसी भी प्रकार का पक्षपात या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।

शिमला ग्रामीण में 600 करोड़ के विकास कार्य

मंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। वहीं, लोक निर्माण एवं शहरी विकास विभागों के माध्यम से प्रदेश में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण को विकास, सामाजिक उत्थान और बुनियादी सुविधाओं के हर क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका लक्ष्य है।

उन्होंने आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शिमला ग्रामीण में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए। डॉ. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और राजा वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं की विकासवादी सोच से प्रेरणा लेकर क्षेत्र को आगे बढ़ाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिमाचल के हितों के लिए मजबूती से उठाएंगे आवाज

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुद्दों को राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष सकारात्मक एवं विनम्रता के साथ उठाना उनकी प्राथमिकता है। हिमाचल के हितों के लिए विनम्रता से अपनी बात रखना कमजोरी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हितों की रक्षा और विकास के मामलों में वे पूरी मजबूती से पैरवी करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। विकास कार्यों में सहयोग करने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है, चाहे उसकी राजनीतिक विचारधारा कुछ भी हो। हालांकि, शिमला ग्रामीण के विकास को बाधित करने या क्षेत्र को कमजोर करने के प्रयासों का दृढ़ता से विरोध किया जाएगा।

महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर

मंत्री ने महिलाओं के सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि बनूटी मैदान में पहले भी रोजगार शिविर आयोजित किए गए हैं और युवाओं को सरकारी तथा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण का समग्र विकास, सामाजिक उत्थान और प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।

खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में नकद पुरस्कार

प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। क्रिकेट में विजेता को ₹2 लाख, उपविजेता को ₹1 लाख तथा मैन ऑफ द टूर्नामेंट को ₹10,000 दिए जाएंगे। बैडमिंटन में विजेता को ₹15,000 और उपविजेता को ₹7,500 मिलेंगे। वॉलीबॉल, पुरुष एवं महिला कबड्डी तथा रस्साकशी में विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता को ₹25,000 प्रदान किए जाएंगे। लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर ₹10,000 तथा द्वितीय स्थान पर ₹5,000 का पुरस्कार मिलेगा। इसके अतिरिक्त फैशन शो एवं मॉडलिंग, म्यूजिकल चेयर और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, चरणजीत लाल, कैलाश फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन बृजलाल, , चंद्रशेखर शर्मा, जिला अध्यक्ष कांग्रेस हरिकृष्ण हिमराल, इंद्रजीत सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष टूटू देविंद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जीत सिंह ठाकुर, कौशल्या शर्मा, जिला परिषद प्रियंका तंवर, अनीता शर्मा, प्रभा वर्मा, विकास काल्टा, किरण शर्मा, पार्षद मोनिका भारद्वाज, प्रदीप वर्मा, दिलबर कुमारी, प्रेमलता, लालचंद ठाकुर, डॉ. मस्तराम, राजेश शर्मा, सरोज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।