चौपाल के नेरवा में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कांग्रेस सरकार पर करारा हमला, बोले- कांग्रेस सरकार चंद दिनों की मेहमान, बज चुकी है विदाई की शहनाई

चौपाल: चौपाल विधानसभा क्षेत्र के नेरवा में आयोजित नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखे जुबानी हमले बोले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की  विदाई का समय बहुत नजदीक है, जिसकी जाने की घड़ी आ चुकी है और राज्य में जल्द ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने वाली है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है और सत्ता में चार वर्ष पूर्ण होने के बावजूद यह सरकार अपनी चार प्रमुख योजनाओं के नाम तक नहीं बता सकती है। सारे काम बंद कर इस सरकार ने सिर्फ एक काम किया है वो है जनता के दुखदर्द कम करने वाली भाजपा सरकार की योजनाएं। इन योजनाओं की लोकप्रियता से मुख्यमंत्री इतना चिढ़ गए कि अपनी शुरू करवाने के बजाय चली हुई योजनाओं को ही बंद कर दिया।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता से झूठ बोलकर और लुभावने वादे करके सत्ता हासिल की थी। महिलाओं को हर महीने 1500-1500 रुपये देने का प्रलोभन दिया गया, जबकि बेरोजगार युवाओं को पांच वर्षों में पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आते ही नौकरियों पर ताला लगा दिया गया। माताओं और बहनों की आँखों में धूल झोंकने के लिए उन इलाकों में 1500 देने की शुरुआत का दावा किया गया जहां की आबादी ही कम है जबकि प्रदेश की 24 लाख  मातृ शक्ति कांग्रेस की इस झूठी गारंटी के वायदे अनुसार पूरे होने का इंतजार ही कर रही है।

उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों की तुलना करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकाल में 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही थी, जबकि कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी और उसके बदले अब 125 यूनिट पर भी भारी बिल थमाया जा रहा है। इसी तरह दूध और गोबर खरीदने की गारंटियों को पूरी तरह खोखला बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में शुरू की गई सभी लोकप्रिय योजनाओं को बंद कर दिया है, जिनमें हिमकेयर, सहारा और स्वावलंबन जैसी कल्याणकारी योजनाएं प्रमुख हैं, जिससे लाखों गरीब व जरूरतमंद लोगों को इलाज व सहायता से वंचित होना पड़ा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘जनमंच’ के माध्यम से जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने की व्यवस्था की थी, लेकिन इस सरकार ने आते ही जनमंच को बंद कर दिया। हमारे शासनकाल में जनमंच के दौरान अधिकारियों और जनता को दाल-चावल खिलाने पर आपत्ति जताने वाले नेताओं ने खुद समोसे और जंगली मुर्गे खाने से परहेज नहीं किया। अब सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम शुरू किया लेकिन उसको भी नाच गाने तक समेट दिया। आखिर मुख्यमंत्री सुक्खू बताएं कि सरकार काम करने के लिए चुनी गई थी या काम बंद कर केवल एफआईआर दर्ज़ कर जांच करने के लिए।

उन्होंने वर्तमान दौर को व्यवस्था परिवर्तन के बजाय ‘व्यवस्था पतन’ का दौर करार दिया और राज्य में नशे तथा आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज चिट्टे के कारण युवा पीढ़ी बर्बादी की कगार पर खड़ी है, लेकिन सरकार चिट्टा माफिया पर कार्रवाई करने के बजाय समोसे की सीआईडी जांच कराने को प्राथमिकता दे रही है, साथ ही विमल नेगी मौत मामले में भी परिजनों को केवल आश्वासन दिया जा रहा है और सरकार निष्पक्ष जांच के बजाय मुकर रही है।

निकाय व पंचायत चुनावों के नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 80 प्रतिशत पंचायत प्रतिनिधि हमारे जीते और कांग्रेस को करारी हार मिली। 12 में से 11 जिला परिषद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है, जो यह स्पष्ट दर्शाती है कि जनता का भरोसा किस तरफ है और आगामी चौपाल की जीत भी ऐतिहासिक होगी क्योंकि वोट चोरी और झूठ के बल पर पाई गई सत्ता ज्यादा दिन नहीं टिकती। इस अवसर पर उन्होंने सैंज-देहा-नेरवा-चौपाल सड़क के सुधार का वादा करते हुए जनता से अपने सक्षम नेतृत्व को मजबूत करने और क्षेत्र को विकास के शिखर पर ले जाने का आह्वान किया तथा सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।