
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने लिया भाग
झाकड़ी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (NJHPS) में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं निगम सतर्कता विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रही। सप्ताह के दौरान सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक आदर्श या विचार नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्य ही सशक्त संस्थान और समृद्ध समाज की नींव हैं।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के संस्कार विकसित करना बेहद जरूरी है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहपूर्ण योगदान के लिए बधाई दी। साथ ही महिलाओं द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों की भी सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न स्कूलों के विजेता प्रतिभागियों को राजीव कपूर ने पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।