नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और दिवाली तथा छठ के त्योहारों के समय बढ़ने वाली भीड़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने यात्रियों से बातचीत करके सुविधाओं के बारे में उनका फीडबैक भी लिया। यात्रियों ने स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
श्री वैष्णव ने बताया कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान प्रति वर्ष सबसे अधिक भीड़ होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, सेवाओं में सुधार करने और यात्रियों को अधिक से अधिक सहूलियत देने के लिए लगातार काम कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त विशेष रेलगाडि़यां चलाई गई हैं और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिक जवानों की तैनाती की गई है। निगरानी और सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि स्टेशन पहुंचने के बाद यात्री कम से कम समय में अपनी रेलगाड़ी तक पहुंच सकें।