बच्चों को बांटे फल, मिठाइयां और पटाखे, कहा- ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ मेरे परिवार का हिस्सा
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज दिवाली के अवसर पर मशोबरा स्थित बालिका आश्रम में ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के साथ दिवाली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ पटाखे जलाकर खुशियां साझा कीं और उन्हें फल, मिठाइयां तथा पटाखे वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं और यही कारण है कि वह समय-समय पर उनसे मिलने विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों में जाते रहते हैं। इन संस्थानों के दौरे का उद्देश्य बच्चों की समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझना तथा उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाना है।
उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार के पास उनके कल्याण और उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध हैं। सरकार उनके शिक्षा का पूरा खर्च वहन कर रही है तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। इसके अतिरिक्त, उन्हें घर बनाने और विवाह संबंधी खर्चों के लिए भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे बच्चों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में इन संस्थानों में छात्रावासों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने इन बच्चों के माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है। उनके सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं एवं पहलें की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में कड़ी मेहनत करने तथा हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी उनकी सभी आवश्यकताओं का ध्यान रखेगी और वह स्वयं उनके कल्याण एवं उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी करते हैं।
इस अवसर पर बालिका आश्रम, मशोबरा की छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।