दो खुंदों के बीच करीब 30 मिनट तक चला पत्थरबाजी का खेल, महेश वर्मा को लगा पत्थर तो मां भद्रकाली को चढ़ाया गया रक्त
सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम, खून की पहली बूंद जमीन पर गिरते ही थम जाती है पत्थरबाजी
दिवाली के अगले दिन शिमला से करीब 30 किलोमीटर दूर धामी में एक अनोखी परंपरा निभाई गई। यहां दिवाली की खुशियां मनाने के बाद लोगों ने पत्थरों की बरसात के बीच खून की होली खेली। मौका था सदियों पुराने पत्थर मेले का, जिसमें दो खुंदों के बीच करीब 30 मिनट तक जमकर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान जमोगी खुंद के महेश वर्मा को पत्थर लगा और उनके शरीर से खून की पहली बूंद निकलते ही पत्थरबाजी रोक दी गई। इसके बाद इस रक्त को मां भद्रकाली को अर्पित किया गया।
धामी का यह पत्थर मेला अपनी अनोखी परंपरा और मान्यताओं के लिए देशभर में जाना जाता है। मान्यता है कि इस मेले में किसी व्यक्ति के शरीर से खून की पहली बूंद जमीन पर गिरते ही खेल समाप्त कर दिया जाता है। इसी रक्त को मां भद्रकाली को चढ़ाया जाता है। क्षेत्र की सुख-शांति और खुशहाली के लिए सदियों से यह परंपरा निभाई जा रही है।
राज परिवार के सदस्य जगदीप सिंह के अनुसार, इस मेले का संबंध धामी रियासत के इतिहास से है। मान्यता है कि सैकड़ों साल पहले मां भद्रकाली मंदिर में इलाके की सुख-शांति और राज परिवार के सुनहरे भविष्य के लिए नरबलि दी जाती थी। लेकिन राजा की रानी नरबलि के खिलाफ थीं। कहा जाता है कि 15वीं सदी में राजा की मृत्यु के बाद रानी ने सती होने से पहले नरबलि की परंपरा पर रोक लगवा दी थी। इसके बाद पशुबलि शुरू हुई, लेकिन मान्यता है कि माता द्वारा पशुबलि स्वीकार नहीं किए जाने के बाद पत्थर के खेल की शुरुआत की।
इस मेले में सिर्फ दो खुंद हिस्सा लेते हैं। एक तरफ कटेड़ू, तुनड़ू, दगोई और जगोठी खुंद के लोग होते हैं, जबकि दूसरी तरफ जमोगी खुंद के लोग पत्थरबाजी करते हैं। इस खेल में अन्य लोगों के शामिल होने पर रोक नहीं है, लेकिन चोट लगने की जिम्मेदारी उनकी अपनी होती है।
पत्थरों का यह खेल जिस स्थान पर होता है, उसे चौरा कहा जाता है। यहां नरबलि की परंपरा बंद करवाने वाली रानी का स्मारक भी बना है, जिसे शारड़ा चौराहा कहा जाता है। मुख्य पुजारी देवेंद्र भारद्वाज के अनुसार, मेले के दिन सबसे पहले राज परिवार के सदस्य और राज पुरोहित भगवान श्री नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ हजारों लोग चौरा पहुंचते हैं। दोनों खुंदों के लोग भी पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद राज परिवार का सदस्य पहला पत्थर फेंककर खेल की शुरुआत करता है और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो जाती है।
महेश वर्मा ने कहा कि उन्हें एक पत्थर लगा, लेकिन उन्होंने खुद को भाग्यशाली बताया। जब उन्हें पत्थर लगा, तो वे किसी दूसरे व्यक्ति को बचा रहे थे। उन्होंने इसे भद्रकाली माता का आशीर्वाद माना और कहा कि पूरे परिवार की मेले में गहरी आस्था है। हादसे के बाद भी उनके चेहरे पर डर नहीं था, बल्कि श्रद्धा और आभार था।