आदतन नशा तस्करों पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार, पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 8 तस्कर डिटेन

 

2026 में अब तक 51 नशा तस्करों पर निवारक कार्रवाई, प्रदेश में शिमला पुलिस ने बनाया नया रिकॉर्ड; तीन से छह महीने तक जेल में रहेंगे आरोपी

शिमला। एएसपी सिटी शिमला मेहर पंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिला शिमला पुलिस आदतन नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पीआईटी एनडीपीएस (PIT NDPS) अधिनियम के तहत निवारक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आठ आदतन नशा तस्करों को डिटेन किया है। सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी डिटेंशन आदेशों की अनुपालना में 4 और 5 नवंबर 2026 को यह कार्रवाई अमल में लाई गई। सभी आठ आरोपियों को तीन महीने की अवधि के लिए डिटेन किया गया है और आदेशों के अनुसार उन्हें मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है।

डिटेन किए गए आरोपियों में अमित लुथरा पुत्र सतेंद्र कुमार निवासी होशियारपुर, पंजाब, हाल निवासी शिमला शामिल है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं। सुनील कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी ठियोग के खिलाफ भी दो मामले दर्ज पाए गए हैं। अतर सिंह पुत्र साहीराम निवासी चौपाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। महेश ठाकुर पुत्र चुन्नीलाल निवासी शिमला के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।

इसी तरह रुबल जड़ाईक पुत्र बलबीर जड़ाईक निवासी कोटखाई के विरुद्ध चार मामले, गोपीचंद पुत्र बेलीराम निवासी जुब्बल के खिलाफ दो मामले, राजू चौहान पुत्र सत्यप्रकाश निवासी कुमारसैन के विरुद्ध चार मामले तथा मोहित वर्मा पुत्र स्वर्गीय भीम वर्मा निवासी शिमला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज पाए गए हैं।

2026 में अब तक 51 नशा तस्करों पर कार्रवाई

एएसपी सिटी मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में जिला शिमला पुलिस द्वारा पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत अब तक 51 लोगों को डिटेन किया जा चुका है। इन आरोपियों को कम से कम तीन महीने और अधिकतम छह महीने तक जेल में रखा गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में इस अधिनियम के तहत केवल तीन लोगों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई की गई थी, जबकि वर्ष 2024 और 2023 में किसी भी व्यक्ति को इस अधिनियम के तहत डिटेन नहीं किया गया था। इस तरह वर्ष 2026 में शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ निवारक कार्रवाई में उल्लेखनीय प्रगति की है।

डिटेंशन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद

मेहर पंवर ने कहा कि डिटेंशन प्रक्रिया के विकेंद्रीकरण (Decentralization) से आने वाले समय में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में और तेजी आएगी। उन्हें उम्मीद है कि डिटेंशन आदेश जारी करने की पूरी प्रक्रिया अब पहले से अधिक तेजी से पूरी होगी, जिससे अधिक से अधिक आदतन नशा तस्करों के खिलाफ लगातार निवारक कार्रवाई अमल में लाई जा सकेगी।

एक तस्कर से 50 से 100 लोगों तक पहुंच रहा था नशा

आठ आरोपियों के नेटवर्क को लेकर एएसपी सिटी ने बताया कि इन सभी के विरुद्ध पहले से दो से चार तक एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज थे। इसके बावजूद ये बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए गए। पुलिस को मिली सोर्स रिपोर्ट के आधार पर इनके खिलाफ डिटेंशन आदेश तैयार किए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस के आकलन के अनुसार, प्रत्येक आरोपी 50 से 100 लोगों तक नशे की सप्लाई कर रहा था या आगे पहुंचा रहा था। ऐसे में इस कार्रवाई के माध्यम से कई सौ लोगों को नशे के जाल में फंसने से बचाने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि जिला शिमला पुलिस नशा तस्करी में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके खिलाफ निवारक कार्रवाई भी प्रभावी तरीके से अमल में ला रही है। इसका उद्देश्य आदतन नशा तस्करों को समाज से दूर रखना और युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाना है।

हनुमान मंदिर चोरी मामले में एक संदिग्ध की पहचान

वहीं, हनुमान मंदिर में हुई चोरी के मामले पर एएसपी सिटी मेहर पंवर ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रभावी तरीके से की जा रही है। एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।