
बोले- चार साल में केंद्र ने हिमाचल के साथ किया सौतेला व्यवहार, मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश के हकों की लड़ाई लड़कर विकास को दी गति
एमआईएस के तहत बागवानों को 15 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी, कम पैदावार के बीच मिलेगी राहत
शिमला। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा के वर्ष 2027 में प्रदेश की सत्ता में वापसी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा बताए कि वह किस आधार पर सत्ता में आने की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया है, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के साथ विकास को आगे बढ़ाया है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की संपदा को कौड़ियों के भाव बेचा गया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल के अधिकारों के लिए उन्होंने कोई ठोस प्रयास नहीं किए। बीबीएमबी के मामले में सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई करवाने के लिए भी भाजपा सरकार के समय कोई गंभीर पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में डबल इंजन की भाजपा सरकार थी, तब भी हिमाचल को उसके अधिकार नहीं मिले और अब भाजपा विपक्ष में रहते हुए प्रदेश के हितों की बात कर रही है। उन्होंने भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी ट्रेनिंग आरएसएस में दी जाती है।
प्राथमिक शिक्षकों के प्रदर्शन पर भाजपा के आरोपों को जगत नेगी ने किया खारिज
प्राथमिक शिक्षकों के प्रदर्शन को लेकर भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी राजस्व मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में आरएसएस का कोई योगदान नहीं रहा और आजादी के बाद संविधान निर्माण में भी उसकी कोई भूमिका नहीं थी।
जगत सिंह नेगी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह हर रोज कोई न कोई बयान देते रहते हैं। अब उनकी बातों को सरकार गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर किया गया है। लोकतंत्र के सभी स्तंभों और संस्थानों को धीरे-धीरे खत्म करने का प्रयास हुआ है तथा संस्थाओं की स्वतंत्रता को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता केंद्र में भाजपा के हाथों में है और वहीं लोकतंत्र को खतरा होने की बात कर रही है। जगत नेगी ने जयराम ठाकुर से सवाल किया कि जब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार थी, तब उन्होंने हिमाचल के हित में क्या काम किए? भाजपा को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए, उसके बाद दूसरों पर सवाल उठाने चाहिए।
एमआईएस के तहत 15 करोड़ रुपये जारी होंगे
बागवानी मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (एमआईएस) के तहत 15 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी प्रदान की है। इससे प्रदेश के बागवानों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सेब की पैदावार कम रही है। ऐसे में सरकार बागवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि सरकार पिछले वर्ष की देनदारियों को भी पूरा करेगी। पूर्व भाजपा सरकार के समय की लंबित देनदारियों का भुगतान भी वर्तमान सरकार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार कर्ज लेकर घी पीती रही, जबकि वर्तमान सरकार प्रदेश के संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
दूसरे राज्यों में एचपीएमसी के स्टोर से आय बढ़ाने की तैयारी
जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश सरकार हिमाचल से बाहर एचपीएमसी के स्टोरों का उपयोग कर वित्तीय लाभ अर्जित करने की संभावनाओं पर काम कर रही है। इसके तहत कोलकाता, मुंबई, मद्रास और दिल्ली में स्थित स्टोरों का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोलकाता में टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से 15 बीघा जमीन का उपयोग करने की योजना है, जिससे प्रदेश को आर्थिक लाभ मिल सके।
सोनिया गांधी की किताब पर भी रखी राय
सोनिया गांधी की किताब को लेकर पूछे गए सवाल पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि उन्होंने देश की राजनीति में लंबा समय बिताया है और ऐसे दौर में देश का नेतृत्व किया, जब परिस्थितियां काफी गंभीर थीं। उनकी राजनीतिक यात्रा और अनुभवों के माध्यम से लोगों को देश के इतिहास और राजनीति के कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी मिलेगी।