करसोग। प्रेहती में पाइपलाइन का व्हील खराब, व्यर्थ बह रहा पीने का पानी; कई शिकायतों के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
प्रेहती (कमलपुर): गांव प्रेहती में कमलपुर के पास पेयजल पाइपलाइन का व्हील खराब होने के कारण लगातार बहुमूल्य पीने का पानी व्यर्थ बह रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार जल शक्ति विभाग को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई है।
स्थानीय निवासी बबलू ने इस समस्या को उजागर करते हुए पानी के व्यर्थ बहने का वीडियो बनाया है। उन्होंने वीडियो के माध्यम से जल शक्ति विभाग से खराब पड़े व्हील की जल्द मरम्मत करवाने का आग्रह किया है, ताकि पेयजल की बर्बादी को रोका जा सके।
जानकारी के अनुसार, इस पाइपलाइन से देवली, गांव प्रेहती, दिवली, दवाश और बेहली क्षेत्र तक पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसे में पाइपलाइन में आई खराबी और लगातार पानी बहने से बहुमूल्य पेयजल की बर्बादी हो रही है।
एक ओर लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक किया जाता है, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन में खराबी के चलते पानी लगातार बह रहा है। स्थानीय लोगों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द खराब व्हील की मरम्मत करवाई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और संबंधित गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनी रहे।