Kullu..विद्युत उपमंडल भुंतर के अंतर्गत बिजली उपभोक्ताओं पर करीब 1.5 करोड़ रुपये की बकाया राशि लंबित है। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपने बिजली बिलों का भुगतान करने की अपील की है।
विद्युत उपमंडल भुंतर के सहायक अभियंता अमन कुमार ने बताया कि बकाया बिजली बिलों के भुगतान के लिए संबंधित उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे बिना देरी किए अपने लंबित बिजली बिल जमा करवाएं, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं और उन्हें अपने वर्तमान मोबाइल नंबर पर बिजली बिल प्राप्त नहीं हो रहे हैं, वे अपने सही एवं चालू मोबाइल नंबर को अपडेट करवाने के लिए विद्युत उपमंडल कार्यालय भुंतर में संपर्क करें। इससे उन्हें समय पर बिजली बिल की जानकारी मिल सकेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय पर बकाया राशि जमा न करवाने की स्थिति में विभागीय नियमों के अनुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।