शिमला। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से 2022 में चुनाव लड़ चुके भाजपा नेता कौल नेगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके अनुसूचित जाति (SC) प्रमाणपत्र को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। रामपुर तहसीलदार द्वारा जारी किए गए अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र से जुड़े मामले में एसडीएम कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए वर्ष 2022 में पारित आदेश को निरस्त कर दिया है। इस फैसले के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
मामले के अनुसार, किन्नौर जिले के नानस्पो गांव के निवासी कौल नेगी को रामपुर तहसील से अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी किया गया था। प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के क्षेत्राधिकार और इसके लिए प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर सवाल उठाए गए थे। आपत्ति में प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए गए।
वही रामपुर के पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी पीएस ड्रैक ने सोमवार को शिमला में प्रेसवार्ता कर भाजपा और कौल सिंह नेगी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि रामपुर तहसील से वर्ष 2022 में जारी कौल सिंह नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र एसडीएम कोर्ट ने अवैध ठहराते हुए रद्द कर दिया है।
पीएस ड्रैक ने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने कौल सिंह नेगी को रामपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। उस समय उनके SC प्रमाणपत्र की वैधता को लेकर तहसीलदार और सहायक निर्वाचन अधिकारी (SDM) के समक्ष आपत्तियां दर्ज करवाई गई थीं। हालांकि, उनके अनुसार उस समय सभी आपत्तियां खारिज कर दी गईं और तहसीलदार के आदेश के खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका भी स्वीकार नहीं हुई।
इसके बाद वर्ष 2022-23 में तत्कालीन प्रत्याशी प्रीतम देव ने एसडीएम कोर्ट में अपील दायर की। ड्रैक के अनुसार इस अपील पर फैसला 12 अक्टूबर को सुनाया गया, जिसकी प्रति उन्हें बाद में प्राप्त हुई। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 पृष्ठों के विस्तृत आदेश में रामपुर तहसील से वर्ष 2022 में जारी कौल सिंह नेगी के SC प्रमाणपत्र को अवैध मानते हुए निरस्त कर दिया गया है।
पीएस ड्रैक ने कहा कि भाजपा ने जिस प्रमाणपत्र के आधार पर कौल सिंह नेगी को चुनाव लड़वाया, उसकी वैधता पहले से ही विवादित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर की जनता के साथ धोखा हुआ है और प्रमाणपत्र जारी करवाने की प्रक्रिया में तत्कालीन सत्ता, संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति के प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुसूचित जाति के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल भी जुड़ा है। ड्रैक के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए 17 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं, जबकि अनुसूचित जनजाति के लिए तीन सीटें आरक्षित हैं। उनका तर्क है कि रामपुर की आरक्षित सीट पर पात्रता को लेकर उठे सवालों का असर राज्य में अनुसूचित जाति के प्रतिनिधित्व की बहस पर भी पड़ता है।
उन्होंने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए आशंका जताई कि यदि इस तरह के मामलों पर स्पष्टता नहीं लाई गई तो भविष्य में अन्य आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में भी ऐसे विवाद सामने आ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चार साल पहले इस मुद्दे को उठाने वालों को दबाने और उनके खिलाफ बदले की कार्रवाई करने के प्रयास किए गए।
पीएस ड्रैक ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में रामपुर से SC प्रमाणपत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय कौल सिंह नेगी ने अपनी जाति ‘कोली’ लिखी, जबकि उनके पुराने दस्तावेजों में ‘किन्नौरा कोली’ दर्ज था।
उन्होंने दावा किया कि जमीन के राजस्व रिकॉर्ड और शजरा नसब में उनके पिता लायक राम की जाति का विवरण मौजूद था, लेकिन आवेदन के दौरान इन तथ्यों की जानकारी नहीं दी गई। उनके अनुसार, तहसीलदार को प्रमाणपत्र जारी करने से पहले निचार के राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत सत्यापन करवाना चाहिए था।
ड्रैक ने कहा कि SC और ST की संवैधानिक सूचियां अलग-अलग हैं। उनके अनुसार संविधान के अनुच्छेद 341 और 342 के तहत इन सूचियों में बदलाव का अधिकार संसद को है। उन्होंने कहा कि एक ही जाति को एक साथ दोनों श्रेणियों का लाभ देने के मुद्दे पर भी कानूनी सवाल हैं और इस संबंध में वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
उन्होंने कहा कि केवल वैध प्रमाणपत्र के आधार पर ही आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने का अधिकार बनता है। भविष्य में यदि कौल सिंह नेगी फिर किसी आरक्षित सीट से नामांकन दाखिल करते हैं तो वे इस मामले को दोबारा चुनौती देंगे।