नई दिल्ली। आयुष मंत्रालय 13 से 27 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित हॉल संख्या 2 में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 में भारत की विविध पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का प्रदर्शन कर रहा है। आयुष मंडप में आगंतुकों को स्वास्थ्य परामर्श, संवादात्मक गतिविधियां, पारंपरिक आहार तैयारियां, औषधीय पौधों का प्रदर्शन और शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में आयुष चिकित्सा पद्धतियों की प्रासंगिकता एवं महत्व को रेखांकित करते हुए विशेष अनुभव प्रदान किया जा रहा है।

आयुष मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न संस्थान और अनुसंधान परिषदें इस मंडप में एक साथ भागीदारी कर रही हैं। यहां पारंपरिक ज्ञान को दैनिक जीवन की स्वास्थ्य संबंधी आदतों से जोड़ते हुए विभिन्न गतिविधियों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद– केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान द्वारा आयुर्वेद की ओपीडी सेवाएं और प्रकृति परीक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही निवारक स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आमतौर पर उपयोग की जाने वाली औषधीय जड़ी-बूटियों और मसालों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें अश्वगंधा, शतावरी, अर्जुन, आंवला, हरिद्रा और गुडूची शामिल हैं। इनके पारंपरिक आयुर्वेदिक उपयोगों तथा स्वास्थ्य संवर्धन में उनकी प्रासंगिकता की जानकारी भी दी जा रही है। आगंतुकों को औषधीय जड़ी-बूटियों के उपयोग से पहले उचित मात्रा, व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति और विशेषज्ञों की सलाह के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर द्वारा आयुष आहार उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें रागी कुकीज़, त्रिफला जैम, एलोवेरा जेल और हर्बल लिप बाम शामिल हैं। यहां आहार और जीवनशैली पर आधारित आयुर्वेदिक सांप-सीढ़ी खेल तथा मानव शरीर के विभिन्न तंत्रों को दृश्य रूप में समझाने वाले वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अतिरिक्त, प्रकृति, पंचकर्म, आयुर्वेदिक पाककला और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री भी प्रदर्शित की जा रही है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ द्वारा आयुर्वेद आधारित खाद्य नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए पोषक कुकीज़, आयुर्वेदिक ब्रेड और पारंपरिक पेय पदार्थ पानकम का प्रदर्शन किया जा रहा है। ‘दादी से पूछो’ और ‘मिलेट्स ऑन द व्हील’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से आगंतुकों को पारंपरिक खानपान की आदतों, मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा आयुष मंडप में बनाए गए विशेष मंच पर नियमित रूप से योग प्रदर्शन और योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। आगंतुकों को उनकी आयु, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जीवनशैली के अनुरूप व्यक्तिगत योग परामर्श भी दिया जा रहा है। इसके अलावा, योग प्रश्नोत्तरी और आसन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आगंतुकों में योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के प्रति विशेष रुचि देखने को मिल रही है।

केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान द्वारा संचालित यूनानी स्टॉल पर पारंपरिक यूनानी आहार एवं स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां आगंतुकों को यूनानी कहवा, हरीरा, हलवा ग़ीकावर, गुलकंद और मुरब्बा आंवला जैसे पारंपरिक खाद्य एवं पेय पदार्थों का स्वाद चखने का अवसर दिया जा रहा है। एक संशोधित डिजिटल मिजाज मूल्यांकन कियोस्क के माध्यम से आगंतुक अपने मिजाज का आकलन कर सकते हैं और व्यक्तिगत आहार संबंधी सुझाव प्राप्त कर सकते हैं। स्टॉल पर यूनानी चिकित्सा पद्धति से संबंधित डिजिटल प्रस्तुतियां और वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। 18 और 19 नवंबर को यूनानी ओपीडी के माध्यम से 151 मरीजों को निःशुल्क परामर्श और औषधियां उपलब्ध कराई गईं।