शिमला। उपमंडल में ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ के प्रभावी एवं सफल आयोजन को लेकर एसडीएम सन्नी शर्मा की अध्यक्षता में बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों, खिलाड़ियों के पंजीकरण, खेल मैदानों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि यह अभियान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे विशेषकर चिट्टा के दुष्प्रभावों से दूर रखना है। अभियान का शुभारंभ 15 दिसंबर, 2026 को धर्मशाला में राज्य स्तरीय समारोह के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात 16 दिसंबर से उपमंडल स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शिमला शहर के तहत इच्छुक टीमें 30 नवंबर 2026 तक
https://khelohimachal.hp.gov.in पर रजिस्टर कर सकते हैं।
एसडीएम सन्नी शर्मा ने कहा कि उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए गठित उपमंडल समिति की अध्यक्षता एसडीएम करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में खेल प्रतियोगिताओं के लिए क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और हॉकी सहित विभिन्न खेलों के आयोजन पर चर्चा की गई। प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों की सूची का सत्यापन सुनिश्चित करने, प्रत्येक खेल के लिए उपयुक्त मैदान चयनित करने तथा खेल उपकरणों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के दौरान सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक आयोजन स्थल पर पुलिस व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, प्राथमिक उपचार, चिकित्सक तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। महिला खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अलग चेंजिंग रूम एवं शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को प्रतियोगिताओं के दौरान नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने, चिट्टा मुक्त अभियान की शपथ दिलाने तथा स्कूलों, महिला मंडलों और युवक मंडलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी खेल स्थलों को नशा, शराब और तंबाकू मुक्त रखा जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं के परिणाम प्रतिदिन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएं तथा विजेता खिलाड़ियों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित समय सीमा में भेजा जाए। प्रतियोगिताओं के आयोजन से संबंधित व्यय, स्कोर शीट और अन्य रिकॉर्ड का उचित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए।
अभियान के तहत उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर तीन चरणों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 31 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 15 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे के खिलाफ जनभागीदारी मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी विभागों एवं संबंधित संस्थाओं से इस अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।