शिमला। चार साल से पेंशन संशोधन और वेतन संशोधन का एरियर लंबित, 20 नवंबर 2024 के हाईकोर्ट आदेश की भी नहीं हुई अनुपालना; पेंशनरों में भारी रोष
शिमला। एचआरटीसी पेंशनर वेलफेयर कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के.सी. चौहान ने प्रदेश सरकार और एचआरटीसी निगम प्रशासन पर पेंशनरों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से एचआरटीसी के पेंशनरों को उनके वित्तीय देनदारियों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। पेंशन संशोधन का एरियर हो या वेतन संशोधन का बकाया, पेंशनरों को आज तक एक पैसा भी नहीं मिला है। इससे प्रदेशभर के पेंशनरों में भारी आक्रोश है।
के.सी. चौहान ने कहा कि वर्ष 2021 और 2022 के दौरान जब पूरी दुनिया, देश और प्रदेश कोरोना महामारी के दौर से गुजर रहे थे, उस समय भी प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी पेंशनरों की पेंशन का भुगतान नियमित रखा था। पेंशन एक निर्धारित तारीख को जारी की जाती थी। इसी दौरान सरकार ने छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को भी तुरंत लागू किया था। इसके लिए पेंशनरों ने सरकार का आभार व्यक्त किया था। उन्होंने बताया कि उस समय 50 हजार रुपये के एरियर का भुगतान भी सितंबर माह में किया गया था, लेकिन इसी दौरान एचआरटीसी के कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ भेदभाव शुरू हो गया। 50 हजार रुपये की यह किस्त एचआरटीसी के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को आज तक नहीं मिली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, लेकिन एचआरटीसी के पेंशनरों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। पेंशन संशोधन के एरियर के चार वर्ष बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसी तरह वेतन संशोधन का एरियर भी चार साल से लंबित है। उन्होंने कहा कि सरकार और निगम प्रशासन का रवैया ऐसा है, मानो एचआरटीसी के पेंशनर और कर्मचारी उनके लिए कोई मायने ही नहीं रखते।
हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना नहीं होने का आरोप
के.सी. चौहान ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने 20 नवंबर 2024 को आदेश जारी कर पेंशन भत्ते के एरियर का भुगतान छह सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश के बाद लंबा समय बीत जाने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों की समय पर अनुपालना नहीं होना भी पेंशनरों की नाराजगी का बड़ा कारण है।
कई पेंशनरों की मौत, गंभीर रूप से बीमार बुजुर्गों के सामने दवाइयों का संकट
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बकाया भुगतान की प्रतीक्षा करते-करते सैकड़ों पेंशनर इस दुनिया से विदा हो चुके हैं, जबकि सैकड़ों अन्य पेंशनर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण कई बुजुर्गों के सामने दवाइयों और उपचार का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशनरों को अपने ही हक का पैसा पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
मुकदमेबाजी को बढ़ावा देने का लगाया आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार और निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पेंशनरों को उनका हक देने के बजाय उन्हें अदालतों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। न्यायालय से आदेश आने के बावजूद उनकी अनुपालना समय पर नहीं हो रही है। इससे मुकदमेबाजी बढ़ रही है, जो भविष्य में निगम और सरकार दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
उन्होंने वर्तमान सरकार के चार साल के कार्यकाल को एचआरटीसी पेंशनरों और कर्मचारियों के लिहाज से निराशाजनक बताते हुए कहा कि सरकार को अब भी अपने रवैये में बदलाव करना चाहिए।
सरकार से जल्द भुगतान करने की मांग
के.सी. चौहान ने मीडिया के माध्यम से प्रदेश सरकार और निगम प्रशासन से मांग की कि एचआरटीसी पेंशनरों की सभी लंबित वित्तीय देनदारियों का तत्काल भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपना पूरा जीवन निगम की सेवा में लगाया है और अब बुढ़ापे में उन्हें अपने हक के पैसे के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सरकार को उनकी स्थिति को समझते हुए बिना किसी देरी के भुगतान करना चाहिए।
उन्होंने पेंशनरों की मांगों को समय-समय पर सरकार और निगम प्रशासन के समक्ष उठाने के लिए मीडिया जगत के सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पेंशनरों की लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं होता, तब तक उनकी नाराजगी बनी रहेगी।