खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री सुक्खू का प्रदेश आगमन स्थगित

दिल्ली, 10 नवम्बर। दिल्ली और शिमला में खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का शिमला आगमन स्थगित हो गया है। दिल्ली में आज खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। अब मुख्यमंत्री का शनिवार को शिमला में आगमन अपेक्षित है। एक सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बीते लगभग दो हफ्तों से एम्स दिल्ली में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री की 26 अक्टूबर की रात को शिमला में तबीयत बिगड़ी थी और उन्हें आईजीएमसी में भर्ती किया गया। दरअसल मुख्यमंत्री का पाचन तंत्र प्रभावित हुआ था। उनका दो दिन आईजीएमसी में उपचार चला। आईजीएमसी के डॉक्टरों की सलाह पर वह नई दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के लिए गए। एम्स में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जिससे कि वह संक्रमण से बचें रहें।  एम्स में उपचार के दौरान उनके स्वास्थ्य में तेज़ी से सुधार हुआ और उनके सभी टैस्टों की रिपोर्ट सही आई।