
पुरानी पेंशन पर सफ़ेद झूठ बोल रहे भाजपा नेता
पुरानी पेंशन लागू करने पर केंद्र ने हिमाचल पर प्रतिबंध लगाए
शिमला। सातवें राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष नंद लाल ने कहा कि पुरानी पेंशन पर भाजपा के नेता सफ़ेद झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई पेंशन स्कीम भाजपा की देन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में अपने बयान में पुरानी पेंशन नहीं देन की बात की है। प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कह दिया है कि भाजपा पुरानी पेंशन का विरोध करती है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेता बताएँ कि क्या वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बड़े बन गए हैं। क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल भाजपा के नेताओं को प्रदेश में पुरानी पेंशन लागू करने के लिए अधिकृत कर दिया है। अगर नहीं, तो फिर भाजपा नेता किस मुँह से पुरानी पेंशन देने की बात कर रहे हैं। नंद लाल ने कहा कि भाजपा अगर पुरानी पेंशन के पक्ष में है, तो राजस्थान में भाजपा सरकार बनते ही पुरानी पेंशन स्कीम को क्यों बंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को मान-सम्मान देते हुए पुरानी पेंशन लागू करने पर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गर्व है। हालाँकि पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने पर केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश पर कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्र सरकार ने लोन लेने की लिमिट 6600 करोड़ रुपए फ़िक्स कर दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश पर बाहरी सहायता प्राप्त एजेंसियों के माध्यम से आर्थिक सहायता के नए प्रस्तावों पर भी सीमा लगा दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंत तक हिमाचल प्रदेश केवल 2,944 करोड़ रुपये तक के प्रस्तावों की मंजूरी के लिए पात्र होगा।
नंद लाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को इन प्रतिबंधों की परवान नहीं है और कर्मचारियों का बुढ़ापा सुरक्षित करने के लिए हर कदम उठाएँगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों के मुद्दे पर राजनीति नहीं करती और चुनाव में जो वादा कांग्रेस पार्टी ने सरकारी कर्मचारियों के साथ किया था उसे पहली ही कैबिनेट बैठक में पूरा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए पुरानी पेंशन राजनीति का मुद्दा है, जबकि कांग्रेस के लिए यह सरकारी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस राजनीतिक दृष्टिकोण से इस मामले को नहीं देखती बल्कि पूरी उम्र प्रदेश की सेवा करने वाले सरकारी कर्मचारियों को सम्मान देना चाहती है ताकि बुढ़ापे में वह सम्मान पूर्वक जीवन-यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आज पांच हजार से ज्यादा सरकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन को लाभ दे रही है। एनपीएस के तहत जिन्हें 2500 रुपए पेंशन मिल रही थी, पुरानी पेंशन लागू होने से उन्हें 25 हजार से ज्यादा पेंशन मिल रही है।
-0-
जयराम बताएँ, किस सेब बाग़बानों को भाजपा ने दिया 50 रुपए समर्थन मूल्य : जगत नेगी
झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे जयराम ठाकुर
शिमला। बाग़वानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने नेता विपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह बताएँ किस सेब बाग़वान को भाजपा ने 50 रुपए का समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जब भी चुनाव में हिमाचल आते हैं, तो सेब पर आयात शुल्क को दोगुना करने का जुमला बोल कर जाते हैं, लेकिन वास्तव में केंद्र सरकार ने आयात शुल्क को घटाकर 50 प्रतिशत कर दिया है और हिमाचल प्रदेश के सेब बाग़बानों की कमर तोड़ दी है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमआईएस के तहत मात्र एक लाख रुपए का टोकन बजट रखा है और जयराम ठाकुर सेब बाग़बानों को 50 रुपए न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेब बाग़बानों के साथ दग़ाबाज़ी करने के लिए भाजपा को सेब बाग़बानों को श्राप लगेगा। जयराम ठाकुर और भाजपा के गुनाहों को जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आयात शुल्क घटाने से अफ़ग़ानिस्तान, ईरान से सेब देश में आ रहे हैं और आज कोल्ड स्टोर में रखे सेब के उचित दाम भी बाग़बानों को नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा कि आज कोल्ड स्टोर में रखी सेब की पेट्टी पर बाग़बानों को 800-1200 रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका श्रेय भाजपा की केंद्र सरकार को जाता है। आयात शुल्क घटने से हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के सेब बाग़बान अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर पांच साल तक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे लेकिन एक भी नया प्रोजेक्ट सेब बाग़बानों के लिए नहीं लाए। जयराम ठाकुर प्रदेश की जनता को बताएँ कि वह कौन सा प्रोजेक्ट सेब बाग़बानों के लिए पांच साल में लेकर आए।
बाग़वानी मंत्री ने कहा कि सेब बाग़बानों के हितों को देखते हुए वर्तमान प्रदेश सरकार ने अनेकों कदम उठाए हैं। किलो के हिसाब से सेब की बिक्री का काम जो पिछले कई वर्षों से नहीं हो पाया, वह काम मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने किया है। यही नहीं, सेब बागवानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन लागू कर दिया है। सेब की खाद और कीटनाशकों पर मिलने वाली सब्सिडी को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया था, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने फिर से सब्सिडी शुरू कर दी है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि जयराम ठाकुर प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए रोज़ नया झूठ बोल रहे हैं। जिससे साफ़ पता लगता है कि भाजपा चुनाव में अपने हथियार डाल चुकी है। भाजपा का ख़रीद-फरोख्त करने वाला चेहरा जनता के सामने आ चुका है और भाजपा नेताओं को हार डर सताने लगा है।