नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे, जिन्होंने नाबाद 97 रनों की दमदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। उन्हें उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए और भारत के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के क्षण में संजू सैमसन ने पहले छक्का और फिर चौका जड़कर मैच समाप्त किया।
इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में छठी बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। इससे पहले साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से 5 मार्च को होगा।