साथियों की गिरफ्तारी पर भड़की युवा कांग्रेस, मंडी में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

 

 

मंडी  : मंडी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले साथियों की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से सेरी मंच होते हुए डीसी कार्यालय के मुख्य गेट तक रैली निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष निखिल ठाकुर की अगुवाई में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर सहित हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ कड़ा रोष जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करवाने वाले युवाओं की गिरफ्तारी निंदनीय है।

जिलाध्यक्ष निखिल ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना लोकतंत्र का दमन है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलगोटिया प्राइवेट यूनिवर्सिटी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जिसकी जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवा कांग्रेस ऐसे प्रयासों का डटकर विरोध करेगी।

वही, प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर ने भी कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला जा रहा है और युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *