
शिमला:भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने आज एक तीखा बयान जारी करते हुए प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा हमला बोला है। डॉ. शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक अराजकता, आर्थिक कंगाली, बढ़ते अपराधों और महिलाओं के प्रति असुरक्षा का मुख्य केंद्र बन चुका है। शांत कही जाने वाली ‘देवभूमि’ की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार केवल अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त है।प्रेस विज्ञप्ति में BJYM प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने मुख्य रूप से निम्नलिखित गंभीर मुद्दे उठाए:
1. बहन-बेटियों के प्रति बढ़ती असुरक्षा और अपराध का ग्राफडॉ. सनी शुक्ला ने हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस के कुशासन में हिमाचल की महिलाएं और बच्चियां खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध 2022 के लगभग 1,600 मामलों से बढ़कर अब 1,850 के पार पहुंच चुके हैं। 2025 में सरेआम छेड़छाड़ के 487 मामले और अपहरण की घटनाओं में हुई 17.7% की भारी वृद्धि (533 मामले) यह साफ साबित करती है कि पुलिस का खौफ अपराधियों के मन से खत्म हो चुका है। मुख्यमंत्री, जिनके पास गृह विभाग भी है, बेटियों को बुनियादी सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं।
2. हिंसक अपराध और बेलगाम ‘चिट्टा’ माफियाBJYM अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि शांत हिमाचल अब हिंसक वारदातों से दहल रहा है, जहां हिंसक अपराधों का आंकड़ा 2,000 के पार निकल चुका है। इसके साथ ही, ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) माफिया राज्य के युवाओं की जिंदगी सरेआम बर्बाद कर रहा है। सरकार की नाकामी इस कदर है कि खुद पुलिस महकमे के कई कर्मचारी ड्रग तस्करी में संलिप्त पाए जा रहे हैं, जिन्हें हाल ही में बर्खास्त करना पड़ा है।
3. रक्षक ही आपस में लड़ रहे, प्रशासनिक तंत्र ठपहाल ही में पुलिस प्रशासन के भीतर शीर्ष नेतृत्व और ग्राउंड स्तर पर तैनात अधिकारियों (HPS एसोसिएशन) के बीच सामने आई आपसी खींचतान, प्रताड़ना और अनुशासनहीनता के आरोपों पर बोलते हुए डॉ. शुक्ला ने कहा कि जब महकमे के रक्षक ही आपस में लड़ रहे हों, तो आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा? सरकार इस गंभीर प्रशासनिक गुटबाजी को रोकने में पूरी तरह असहाय नजर आ रही है।
4. युवाओं के साथ विश्वासघात और ऐतिहासिक आर्थिक बदहाली युवाओं की आवाज बुलंद करते हुए डॉ. सनी शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले पहली कैबिनेट में 1 लाख नौकरियां देने का जो झूठ बोला था, उसकी हकीकत आज का बेरोजगार युवा सड़कों पर देख रहा है। भर्तियां पूरी तरह लटकी हुई हैं। इसके ऊपर, राज्य ₹85,000 करोड़ से अधिक के कर्ज में डूब चुका है। विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और कर्मचारियों तथा पेंशन भोगियों को समय पर वेतन तक नहीं मिल पा रहा है।
BJYM की खुली चेतावनी:डॉ. सनी शुक्ला ने सुक्खू सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के युवाओं और महिलाओं के स्वाभिमान के लिए चुप नहीं बैठेगा। यदि कांग्रेस सरकार ने बढ़ते अपराधों पर तुरंत लगाम नहीं कसी, तो युवा मोर्चा प्रदेश के हर जिले में सड़कों पर उतरकर उग्र जन-आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।