नेरवा में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का भव्य स्वागत

चौपाल। चौपाल विधानसभा क्षेत्र के नेरवा पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता द्वारा भव्य स्वागत किया गया। नेरवा बाजार से लेकर सभास्थल तक एक विशाल रोडशो निकाला गया, जिसमें कांग्रेस सरकार के खिलाफ और भाजपा के पक्ष में जमकर नारेबाजी हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चौपाल क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक बलबीर वर्मा के नेतृत्व में चौपाल में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने भाजपा शासनकाल के दौरान क्षेत्र में खोले गए उपमंडल कार्यालय, जल शक्ति विभाग के नए डिविजन, सिविल अस्पताल, इंडोर स्टेडियम और विभिन्न शिलान्यासों की उपलब्धियों को गिनाया। जयराम ठाकुर ने वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर चौपाल की अनदेखी करने और पूर्व भाजपा सरकार द्वारा दिए गए संस्थानों व विकास कार्यों को बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने जनता से एकजुट होकर कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपके दोनों पूर्व विधायक आज एक मंच पर है। दोनों की ताकत इस क्षेत्र से भाजपा को और मजबूती प्रदान करेगी। आज चौपाल ने 84 में से 74 प्रधान भाजपा विचारधारा के जीतकर आये। राज्य में कांग्रेस की सरकार के बाबजूद यहां से बीडीसी, जिला परिषद भी भाजपा के ही जीते। सबसे बड़ी बधाई चौपाल वासियों को भाजपा का जिला परिषद अध्यक्ष बनने की है जो भी इसी क्षेत्र से हैं। मैं इसी मंच से इस उपलब्धि के लिए आपकी जिला परिषद सदस्य मन्नत और अतुल का आभार व्यक्त करता हूँ कि सरकार के दबाव के बाबजूद आप दोनों भाजपा में हमारे साथ चट्टान की तरह खड़े रहे।