25 नवंबर तक वार्ता और सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 27 नवंबर को होगा धरना-प्रदर्शन : देवराज ठाकुर
शिमला। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवराज ठाकुर ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन पर पेंशनरों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दिए गए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की अधिसूचना बिना एरियर के जारी की गई है, जबकि कार्यरत कर्मचारियों के लिए 5 प्रतिशत डीए की घोषणा की गई है। इससे निगम प्रबंधन की कथनी और करनी में अंतर सामने आया है।
देवराज ठाकुर ने कहा कि 3 प्रतिशत डीए की घोषणा 5 नवंबर को की गई थी और 6 नवंबर को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई, लेकिन इसमें एरियर का कोई प्रावधान नहीं किया गया। वहीं, 6 नवंबर की शाम को कार्यरत कर्मचारियों के लिए 5 प्रतिशत डीए की घोषणा कर दी गई। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नए प्रबंध निदेशक के कार्यभार संभालने के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उम्मीद जगी थी कि भविष्य में भेदभावपूर्ण नीतियों पर आत्मचिंतन होगा और निगम के कार्यरत कर्मचारियों के लिए जारी होने वाले आदेश सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू किए जाएंगे। लेकिन हालिया फैसले से पेंशनरों को निराशा हुई है।
संघ अध्यक्ष ने सरकार और निगम प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि 25 नवंबर तक वार्ता के लिए बुलाकर सकारात्मक निर्णय लिया जाता है तो संयुक्त समन्वय समिति और संघ की पूरी कार्यकारिणी बातचीत में भाग लेगी। यदि निर्धारित समय तक कोई सकारात्मक पहल नहीं होती है तो 27 नवंबर को एचआरटीसी मुख्यालय स्थित पुराने बस अड्डे का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिवाली के दौरान आंदोलन की रूपरेखा को प्रभावित करने के उद्देश्य से 3 प्रतिशत डीए की घोषणा की गई, जबकि अगले ही दिन कार्यरत कर्मचारियों के लिए 5 प्रतिशत डीए घोषित कर दिया गया। उन्होंने कार्यरत कर्मचारियों को 5 प्रतिशत डीए देने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनका अधिकार है, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी समान लाभ मिलना चाहिए।
देवराज ठाकुर ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और निगम प्रबंधन ने समय रहते पेंशनरों की मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो 27 नवंबर को पुराने बस अड्डे पर आंदोलन निश्चित रूप से किया जाएगा।