शिमला, 07 मार्च। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के धर्मपुर में शिमला-कालका नेशनल हाइवे पर मंगलवार सुबह रफ्तार का कहर नजर आया। धर्मपुर में पीएनबी बैंक के पास हाइवे किनारे चल रहे नौ मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में पांच मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार घायल हैं, जिन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। पुलिस ने हादसे वाली कार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही इसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक की पहचान सोलन जिला के कसौली निवासी राजेश कुमार (23) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह 9:20 बजे हुआ, जब इनोवा कार (HP02A1540) के चालक ने नियंत्रण खोया और कई राहगीर इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार ज्यादा थी और ऐसा लग रहा था कि चालक नियंत्रण खो बैठा है। कार द्वारा कुचले गए सभी लोग मजदूर हैं, जो काम के लिए निकले थे।
हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर भयावह मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव अभियान चलाया औऱ घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
धर्मपुर के डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि हादसे में पांच लोगों ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। इनकी शिनाख्त गुड्डू यादव, राजा वर्मा, निप्पू निशाद, मोती लाल यादव और शनि के रूप में हुई है। ये बिहार और उत्तर प्रदेश के मूल निवासी थे और यहां मजदूरी का काम कर रहे थे। घायलों में महेश, बुड़ुवीन, महेश और अर्जुन शामिल हैं। इन्हें सिविल अस्पताल धर्मपुर से पीजीआई रैफर किया गया है।
डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।