शिमला, 25 मार्च। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने से कांग्रेस कार्यकर्ता काफी नाराज हैं। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन कर रही है। शनिवार को राजधानी शिमला में महिला कांग्रेस ने ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन किया और राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करना लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
हिमाचल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। जिस तरह से विपक्ष की आवाज सदन के भीतर और सदन के बाहर दबाने की कोशिश की जा रही है, वह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की लड़ाई लड़ रही है और राहुल गांधी को जानबूझकर केंद्र सरकार फसाने की कोशिश कर रही है जिसमें भाजपा को कामयाबी नहीं मिलेगी। महिला कांग्रेस ने आज रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास मुंह पर काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज कराया गया और भविष्य में भी यह लड़ाई जारी रहेगी।
प्रदेश भर में सोमवार से हल्ला बोल आंदोलन शुरू करेगी पार्टी
इस बीच प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस सोमवार से प्रदेशभर में हल्ला बोल आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता जल्द बाजी में सरकार के दबाव में रद्द की गई है।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि लोकसभा से राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करवाना भाजपा की छोटी मानसिकता और जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि सूरत कोर्ट में मानहानि के फैसले के खिलाफ कांग्रेस शीर्ष न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश की कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी है तथा भाजपा का कोई भी षडयंत्र राहुल गांधी के भारत बचाओ व संविधान बचाओ के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकता।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए कहा है कि वह न तो देश की आवाज दवा सकते है और न ही कांग्रेस की। उन्होंने कहा कि देश भाजपा के अलोकतांत्रिक व तानाशाही रुवेये को देख रहा हैं। उन्होंने कहा है कि अडानी मामले से लोगों का ध्यान हटाने के लिये राहुल गांधी को सदन में बोलने से रोकने के लिए उन्हें संसद से बाहर किया गया है पर कांग्रेस उनकी आवाज और इस मामले की जेपीसी जांच की मांग और भी प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस देश के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय सहन नही करेगी।