शिमला, 28 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश की सत्ता पर चार माह पूर्व काबिज हुई कांग्रेस की सुक्खू सरकार मई महीने में नगर निगम शिमला के चुनाव संपन्न होने के बाद गिर जाएगी। ऐसे में प्रदेश में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व हिमाचल विधानसभा के पूर्व स्पीकर विपिन सिंह परमार ने यह दावा किया है।
शिमला नगर निगम के चुनाव प्रचार के दौरान विपिन सिंह परमार का यह बड़ा बयान सामने आया है। इससे राजनीतिक गलियारों में मिशन लोटस की चर्चा होने लगी है। शिमला नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग दो मई को होगी। चार मई को काउंटिंग के बाद नतीजे घोषित होंगे।
नगर निगम चुनाव को लेकर शुक्रवार को शिमला में बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में विपिन सिंह परमार ने कहा कि नगर निगम के चुनावों को कांग्रेस पार्टी प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस गारंटियों को पूरा तो कर नहीं पा रही है। कांग्रेस के दिग्गज कह रहे हैं कि कांग्रेस में उनका गला घुट रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम में भी फिर से बहुमत से काबिज होगी और प्रदेश में भी उनकी सत्ता लौटेगी। हालांकि कांग्रेस के विधायकों के बीजेपी से संपर्क में होने का सवाल वो टाल गए। उन्होंने कहा कि वह मौके आने पर बताएंगे की कितने विधायक उनके संपर्क में हैं।
विपिन परमार ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि शिमला में ज्यादा समय तक कांग्रेस का दबदबा रहा लेकिन यहां हिल्स क्वीन में जो काम होना चाहिए था नहीं हुआ। स्मार्ट सिटी पीएम और जयराम ठाकुर की देन है। कांग्रेस शिमला के लिए पानी और अन्य योजनाओं की बात कर रही हैं यह सब बीजेपी की देन है। पर्वतमाला और पानी की योजना बीजेपी लेकर आई हैं।
उन्होंने कहा कि पांच लाख रोजगार देने की बात करने वालो ने व्यवस्था परिवर्तन की सरकार ने करोना काल में सेवाएं देने वालो को बाहर का रास्ता दिखा दिया। कैबिनेट सब कमेटी की मीटिंग में फैसला लिया गया जिसमें दूर दराज के क्षेत्रों में बिना इंटरव्यू के अध्यापकों के पद भरने के लिए ड्राफ्ट तैयार किया गया लेकिन अगले ही दिन मुख्यमंत्री इसको नकार देते हैं। सीएम और मंत्रिमंडल के बीच कोई तालमेल नहीं है। कांग्रेस ने राजधर्म की धज्जियां उड़ाई है।