ऊना। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को ऊना जिले की नगनोली ग्राम पंचायत में 4.46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गौ अभयारण्य का शिलान्यास किया। यह अभयारण्य 397 कनाल भूमि पर स्थापित किया जाएगा, जिसमें 500 गौवंश के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उप मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल बेसहारा पशुओं के लिए एक सुरक्षित आश्रय स्थल होगी, बल्कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आमदनी के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि गौ अभयारण्य में 6 शेड बनाए जाएंगे, जिनमें से 5 शेड गौवंश के लिए और 1 शेड चारे के भंडारण हेतु होगा। इसके अतिरिक्त फार्मासिस्ट रेजिडेंस तथा अन्य प्रशासनिक सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र में जल संकट को दूर करने के लिए बालीवाल, नगनोली, पूबोवाल और हरोली के लिए 28 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजनाएं तैयार की गई हैं। साथ ही, नगनोली पंचायत में 15.37 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है।
खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में खड्ड कॉलेज में एक आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 68 लाख रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इससे खिलाड़ी रात्रिकालीन अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बिना किसी बाधा के भाग ले सकेंगे।
इस अवसर पर नगनोली पंचायत के प्रधान महताब ठाकुर ने उप मुख्यमंत्री का सम्मान किया और पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। पशुपालन विभाग के उप निदेशक विनय शर्मा ने गौ अभयारण्य की विस्तृत योजना प्रस्तुत करते हुए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, सतीश बिट्टू, श्विनोद कुमार बिट्टू, प्रमोद कुमार, सुभद्रा चौधरी, ऊना जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, हरोली ब्लॉक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम, उप प्रधान नंदलाल, पूर्व प्रधान पूनम दत्ता, एससी सेल के अध्यक्ष जसपाल जस्सा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।