चंडीगढ़। राज्यसभा सांसद और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेता हर्ष महाजन ने आज पंजाब राज भवन, चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और दोनों राज्यों के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
मुलाकात के दौरान हिमाचल और पंजाब से जुड़े विभिन्न महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से जल बंटवारे, सीमा संबंधी विषयों, पर्यटन के क्षेत्र में संयुक्त प्रयासों तथा अन्य विकासात्मक पहलुओं पर सकारात्मक संवाद हुआ।
राज्यपाल कटारिया ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई तथा सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल और पंजाब पड़ोसी राज्य हैं और परस्पर सहयोग से क्षेत्रीय विकास और जनहित के कार्यों को नई गति मिल सकती है।
हर्ष महाजन ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुलाकात से आपसी समझ और सहयोग को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले समय में दोनों राज्यों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समन्वय और अधिक सुदृढ़ होगा।