शिमला में लैंडस्लाइड का कहर: खलीनी के मिस्ट चैंबर में दो घर खतरे की जद में

शिमला।  राजधानी शिमला में मानसूनी बारिश का असर रविवार को भी देखने को मिला। खलीनी स्थित मिस्ट चैंबर क्षेत्र में भारी बारिश के चलते अचानक भूस्खलन हो गया, जिससे दो रिहायशी मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह से हो रही तेज बारिश के बाद अचानक पहाड़ी से मलबा खिसकने लगा, जो सीधे घरों के पास आकर रुका। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मकानों की नींव पर भारी दबाव बना हुआ है।

प्रशासन को तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रभावित परिवारों को घर खाली करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने पहले ही हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की थी। रविवार को आई यह घटना इस चेतावनी को सच साबित करती है।

प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सतर्क रहें और ऐसे संवेदनशील इलाकों से फिलहाल दूरी बनाए रखें। लगातार बारिश के कारण ज़मीन खिसकने की घटनाएं किसी भी समय हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *