मंत्री की टिपण्णी पर विधानसभा में घमासान, विपक्ष करेगा मंत्री जगत सिंह नेगी का बहिष्कार, सदन में नहीं पूछेंगे उनसे सवाल न ही उनका कोई वक्तव्य, जयराम बोले मंत्री की बकवास नहीं सुनेगा विपक्ष,मंत्री का पलटवार बोले विपक्ष की धमकियों से नहीं डरता, ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा

सीएम बोले जगत सिंह नेगी इफेक्टिव मंत्री, एक घंटे में तीन बार वॉकआउट बताता है विपक्ष सत्र को लेकर कितना गंभीर

Shimla. हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में खूब हंगामा देखने को मिला। मंत्री जगत सिंह नेगी की सिराज में आई आपदा के दौरान दिए गए बयान पर सदन में खूब हंगामा हुआ और नौबत वॉकआउट तक की आ गई।भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने सदन में कहा कि आपदा के समय राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने मजाकिया और अमर्यादित टिप्पणियां कीं, जिससे पीड़ितों की भावनाएं आहत हुईं।

इस बीच सदन में जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा वोट चोरी करती है और तिरंगे का अपमान करती है और अब सदन की मर्यादाओं की बात कह रही है। सिराज में तिरंगे का अपमान हुआ है।इस पर भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी की और कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया। विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष सदन में मंत्री की बकवास नहीं सुन सकता इसलिए सदन से वॉक आउट किया है।

वहीं भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि मंत्री को आपदा के इस समय इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी ऐसे में विपक्ष ने फैसला लिया है कि वे अब मंत्री जगत सिंह नेगी से कोई सवाल नहीं पूछेंगे और जब बोलेंगे तो न हीं उन्हें सुनेंगे वह सदन से बाहर आ जाएंगे।

उधर, मंत्री नेगी ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की परंपराओं को तोड़ रहा है और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। सिराज में उनका नहीं बल्कि तिरंगे का अपमान भाजपा ने किया है।उन्होंने कहा कि वे किसी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और संविधान व सच्चाई के आधार पर जवाब देते रहेंगे। विपक्ष को जवाब सुनना है या नहीं सुनना है यह वह जाने लेकिन विपक्ष को ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।

वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा “दिशाहीन” हो चुकी है और पार्टी में गुटबाजी साफ नज़र आ रही है।भाजपा जगत सिंह नेगी को सिर्फ इसलिए निशाना बना रही है क्योंकि वे सच बोलते हैं। वे कैबिनेट के सबसे प्रभावशाली मंत्रियों में से एक हैं।”“एक घंटे में चार बार वॉकआउट करना यह दर्शाता है कि विपक्ष दिशाहीन हो चुका है। यह भाजपा के भीतर की हताशा का स्तर दिखाता है। पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है, जो सदन में साफ दिखाई दे रहा है। भाजपा मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती, बल्कि सुर्खियों में बने रहने और कुर्सी बचाने के लिए वॉकआउट करती है।”

इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि “पिछली भाजपा सरकार ने जनता के पैसों का दुरुपयोग किया और हिमकेयर की धनराशि को लुटाया। आपदा को लेकर विपक्ष दिल्ली से मदद दिलाने का काम करें और सरकार विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भी दिल्ली केंद्र सरकार के पास जाने को तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *