शिमला, 08 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुए भूस्खलन से अवरूद्ध सड़कें अभी भी बहाल नहीं हो पाई हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में अवरूद्ध सड़कें नहीं खुलने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार सुबह तक राज्य में दो राष्ट्रीय उच्च मार्गों सहित 201 सड़कें भूस्खलन से अवरूद्व हैं। मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय उच्च मार्ग पंडोह में भूस्खलन से बाधित हुआ है। इसी तरह कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग सोलन जिला के चक्की मोड़ में भूस्खलन से एक सप्ताह से अवरूद्ध है। इस राष्ट्रीय उच्च मार्ग से मलबा हटाने का कार्य जारी है और आज दोपहर तक इसके बहाल होने की संभावना है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट शिमला जिला में सबसे ज्यादा 70 सड़कें बंद हैं। कुल्लू जिला में 51, मंडी में 40, सिरमौर व सोलन में 11-11, चंबा में 7, कांगड़ा में छह और किन्नौर में पांच सड़कें अवरूद्व हैं। इसके अलावा प्रदेश में 32 बिजली ट्रांसफार्मर और 32 ही पेयजल परियोजनाएं भी ठप पड़ी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले चार दिन मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है। हालांकि इस दौरान कहीं भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन में व्यापक बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राज्य भर में वर्षा जनित हादसों में 216 लोगों की जान गई है। इनमें बाढ़ व भूस्खलन की चपेट में आने से 58 लोग मारे गए। राज्य में अब तक भूस्खलन की 80 और बाढ़ की 53 घटनाएं सामने आई हैं। मानसून सीजन में बारिश से 6703 करोड़ की संपति के नुकसान का अनुमान है।