
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का पहला भाग समाप्त हो गया. तीन दिन हुई बैठकों में 18.5 घंटे तक काम हुआ. विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि तीन दिन तक विधानसभा की उत्पादकता 124 फ़ीसदी रही. ब्रेक के बाद अब विधानसभा के बजट सत्र की शुरूआत 18 मार्च सुबह 11 बजे होगी. विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच RDG बहाली का प्रस्ताव पारित किया गया.
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि बजट सत्र की शुरूआत राज्यपाल के अभिभाषण के साथ हुई. इसके बाद हिमाचलप्रदेश में RDG बंद होने की वजह से पैदा हुई विचित्र स्थिति पर चर्चा की गई. इस चर्चा में सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने हिस्सा लिया. इसके बाद मुख्यमंत्री का चर्चा पर जवाब आया और ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित हो गया. हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने केंद्र सरकार को रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट की बहाली के लिए प्रस्ताव भेजा है. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बजट सत्र के पहले भाग में तीन बैठकें तय की गई थी. सदन में कार्यवाही के दौरान इन बैठकों को बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं आया. अब कार्यवाही 18 मार्च से शुरू होगी.