करसोग। राज्य सरकार द्वारा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से करसोग क्षेत्र में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास कार्यों में बजट की कोई कमी न रहे तथा सभी विकासात्मक परियोजनाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण हों।
इसी कड़ी में क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्यों हेतू सरकार द्वारा एक करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की गई है। बीएमओ करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मांहुनाग के शेष निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के लिए 58.29 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व, इस कार्य के लिए 83 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है, जिसका पूर्ण उपयोग किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि संबंधित एजेंसी द्वारा इस कार्य को जून माह तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, हेल्थ सब सेंटर केलोधार व कनेरी माहोग के भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। दोनों स्थानों पर 30-30 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कार्य किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि इन निर्माण कार्यों को हिमाचल प्रदेश हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हिमुडा) द्वारा निष्पादित किया जाएगा। कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।