कुल्लू : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुल्लू द्वारा 04 अप्रैल 2026 को 1905 के कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ को “आपदा जागरूकता दिवस” के रूप में मनाया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला आपदा प्रबंधन,अश्वनी कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल 1905 भारतीय इतिहास की सबसे विनाशकारी आपदाओं में से एक रहा था।
उन्होंने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुल्लू ने बताया कि इस अवसर पर आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आपदा से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अटल सदन, ढालपुर में अर्धदिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्राथमिक उपचार तकनीकों पर प्रशिक्षण, सुरक्षित निर्माण प्रथाओं पर व्याख्यान तथा आपदा जागरूकता पर आधारित नाटक (स्किट) प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर नागरिक एकजुटता मार्च का आयोजन किया जाएगा, जो रथ मैदान से आरंभ होकर माल रोड, कॉलेज गेट, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू होते हुए पुनः रथ मैदान तक संपन्न होगा।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों से इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी इस महत्वपूर्ण दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर आपदा जागरूकता को बढ़ावा देने की अपील की है।