शिमला में लगेगी प्रसिद्ध कलाकार मनप्रीत कौर की भव्य कला प्रदर्शनी ‘STROKES OF LIFE’


शिमला। लुधियाना की प्रसिद्ध उत्तर भारतीय कलाकार मनप्रीत कौर एक बार फिर अपनी भव्य एकल कला प्रदर्शनी “STROKES OF LIFE” के माध्यम से कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करने जा रही हैं। यह प्रदर्शनी 24 मई से 26 मई 2026 तक गेयटी थिएटर, शिमला में आयोजित होगी, जिसमें लगभग 50 उत्कृष्ट कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।
प्रदर्शनी में एक्रेलिक, ऑयल, वॉटर कलर तथा आधुनिक 3D शैली की पेंटिंग्स शामिल होंगी। “STROKES OF LIFE” प्रकृति, पहाड़ों और मानवीय भावनाओं के प्रति कलाकार के गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। उनकी कलाकृतियां जीवन के रंगों और भावनाओं को प्रभावशाली स्केच और रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से खूबसूरती से प्रस्तुत करती हैं।
मनप्रीत कौर का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव है, क्योंकि उनकी पारिवारिक जड़ें हिमाचल के ननिहाल से जुड़ी हुई हैं। यही कारण है कि हिमालयी सौंदर्य और पहाड़ी संस्कृति की झलक उनकी कला में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
इससे पहले भी मनप्रीत कौर मनाली, जयपुर, उदयपुर, दिल्ली, लुधियाना और जालंधर जैसे प्रतिष्ठित शहरों में अपनी कला प्रदर्शित कर चुकी हैं, जहां उनकी पेंटिंग्स को कला समीक्षकों और दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। शिमला में यह उनकी तीसरी प्रमुख प्रदर्शनी होगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं पूर्व सांसद सुरेश भारद्वाज द्वारा किया जाएगा।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित पेंटिंग्स की कीमत ₹500 से ₹70,000 तक रखी गई है। आयोजन में कला प्रेमियों, पर्यटकों और आम जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
स्थान: गेयटी थिएटर, शिमला
तिथि: 24 मई – 26 मई 2026
समय: प्रातः 11:00 बजे से आगे
कला प्रेमियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम जनता को इस प्रेरणादायक प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *