
SHIMLA. .पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी होने से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। शिमला में पेट्रोल का दाम बढ़कर 102.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.50 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों में नाराज़गी देखने को मिल रही है।
पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों ने सरकार और तेल कंपनियों के खिलाफ विरोध जताया। लोगों का कहना है कि अगर 2-3 रुपये की बढ़ोतरी होती तो उतनी दिक्कत नहीं होती, लेकिन हर रोज दाम बढ़ाना गलत है। उनका कहना है कि इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।
पेट्रोल भरवाने आए लोगों ने कहा कि अगर निजी वाहन चलाना बंद भी कर दें, तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट के किराए भी महंगे हो जाएंगे, ऐसे में सफर करना मुश्किल हो जाएगा।
कुछ लोगों ने तेल कंपनियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कंपनियां घाटे में होती हैं तभी दाम बढ़ाए जाते हैं, लेकिन मुनाफा होने पर कभी कीमतें कम नहीं की जातीं।
लोगों का कहना है कि आम जनता से सिर्फ मुनाफा वसूला जा रहा है। वहीं कुछ वाहन चालकों ने आशंका जताई कि आने वाले समय में पेट्रोल के दाम 150 रुपये प्रति लीटर तक भी पहुंच सकते हैं। हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि फिलहाल बढ़ी कीमतों का ज्यादा असर नहीं पड़ा है, लेकिन अगर यही सिलसिला जारी रहा तो लोगों को अपनी गाड़ियां चलाना बंद करना पड़ेगा।