खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

Kullu. जिला कुल्लू में आज खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कुल्लू जिले के खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त अनिल शर्मा द्वारा की गई, जिसमें खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में जिले के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, मिठाई की दुकानों, बेकरी, किराना प्रतिष्ठानों तथा अन्य खाद्य कारोबार संचालकों द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के पालन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले भर में नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जाएं तथा खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित मानकों के अनुसार लिए जाएं। जिन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया जाए या खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाए, उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विशेष रूप से पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और फास्ट फूड केंद्रों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा रसोईघरों में निर्धारित मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त खाद्य कारोबार संचालकों को वैध लाइसेंस एवं पंजीकरण प्राप्त करने, समय पर उनका नवीनीकरण करवाने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी भी प्रकार की मिलावट, खराब गुणवत्ता अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जानकारी प्राप्त होती है, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला में फूड टेस्टिंग वेन के माध्यम से लोगों को घर द्वार पर खाद्य पदार्थों के परीक्षण की सुविधा दी जा रही है और समय समय पर इस वेन को स्कूली बच्चों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में जागरूक करने के लिए भेजा जा रहा है।
  उन्होंने मौके पर ही विभिन्न होटल एवं रेस्तरां को स्वच्छता रेटिंग प्रमाण पत्र आनंदग्राम मौहल 2.स्वच्छता रेटिंग
परिसर प्रमाण पत्र एडी हाइड्रोप्रोजेक्ट लिमिटेड,और भोग प्रमाण पत्र शरवरी मंदिर को प्रदान किया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रणजीत , खाद्य सुरक्षा अधिकारी खिम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उषा ठाकुर, व्यापार मण्डल कुल्लू,मणिकर्ण, उदयपुर (लाहौल), बंजार, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन मनाली, कसोल, जिभी, केलांग, मिल्क फेडरेशन अध्यक्ष मौहल, सब्जी मण्डी बन्दरोल अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *