सर्वसम्मति से चुने गए नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष,,प्यारे लाल आजाद बने अध्यक्ष, जितेंद्र चौहान को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

 

रोहड़ू। नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन हेतु आज उपमंडलाधिकारी कार्यालय रोहड़ू के चांशल सम्मेलन कक्ष में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने की। इस अवसर पर रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा भी उपस्थित रहे।
उपमंडलाधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष पद के लिए प्यारे लाल आजाद तथा उपाध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र चौहान को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। इसके उपरांत उन्होंने दोनों निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बैठक में नगर परिषद रोहड़ू के नवनिर्वाचित नौ सदस्यों में से आठ सदस्य उपस्थित रहे। इनमें वार्ड नंबर 2 (अपर बाजार) से पारुल, वार्ड नंबर 3 (मुख्य बाजार) से सुजय अग्रवाल, वार्ड नंबर 4 (समाला) से रणजीता, वार्ड नंबर 5 (बस स्टैंड क्षेत्र) से राज कुमार, वार्ड नंबर 6 (ब्लॉक क्षेत्र) से प्रीति चौहान, वार्ड नंबर 7 (कोर्ट रोड क्षेत्र) से जितेंद्र चौहान, वार्ड नंबर 8 (बावटी नाला) से प्यारे लाल आजाद तथा वार्ड नंबर 9 (शक्तिनगर) से शालू दत्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि नई नगर परिषद आगामी पांच वर्षों में रोहड़ू क्षेत्र के समग्र विकास, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नगर के सुनियोजित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *