शिमला में भूस्खलन से ढली-संजौली बाईपास बंद, यातायात प्रभावित

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार को ढली-संजौली बाईपास पर अचानक पहाड़ी दरकने से भूस्खलन हो गया। भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरने से मार्ग के दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
घटना के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। भूस्खलन के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिमला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल ढली-संजौली बाईपास मार्ग का उपयोग न करें और यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। पुलिस ने कहा है कि मौके पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्र की ओर जाने से बचें।
प्रशासन द्वारा सड़क बहाली का कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मार्ग खुलने संबंधी जानकारी प्रशासन और पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *