बाल विकास परियोजना करसोग के समर कैंप में बच्चों की प्रतिभा को मिल रहा मंच: कांडा, धारली, माहोटा और मड़िऊनी आंगनबाड़ी केंद्रों में समर कैंप का आयोजन,बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर

समर कैंप में सीखने के साथ मस्ती, बच्चों के सर्वांगीण विकास को मिल रही नई उड़ान

करसोग। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कार्यालय करसोग के तहत आंगनबाड़ी सर्कल अलसिंडी के आंगनबाड़ी केंद्र कांडा, धारली, माहोटा और मड़िऊनी में आयोजित समर कैंप के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक कौशल का विकास हो रहा है।
समर कैंप के दौरान बच्चों ने चित्रकला, कहानी वाचन, कविता पाठ, खेलकूद, समूह गतिविधियों, योग तथा अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को नई चीजें सीखने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्र कांडा में कार्यकर्ता सरिता देवी, धारली में मीना देवी, माहोटा में पूर्णिमा तथा मड़िऊनी में ममता के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। चारों केंद्रों में बच्चों के लिए शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

बाल विकास परियोजना कार्यालय करसोग के मार्गदर्शन में आयोजित इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अवकाश के दौरान रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारना तथा सीखने के प्रति रुचि विकसित करना है। विभाग की ओर से बच्चों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में बच्चों के लिए केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास भी उतना ही आवश्यक है। समर कैंप बच्चों को इन गुणों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर बच्चों को सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। समर कैंप के माध्यम से बच्चों को आनंदमय वातावरण में नई-नई गतिविधियां सीखने का मौका मिल रहा है, जिससे उनके व्यक्तित्व को नई दिशा और नई उड़ान मिल रही है।

आंगनबाड़ी सर्कल अलसिंडी के अंतर्गत आने वाले आंगनबाड़ी केंद्र अलसिंडी,बगशाड़,बाग और कलन्गार केंद्रों की कार्यकर्ताओं ने समर कैंप के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई है। बाल विकास परियोजना कार्यालय करसोग के इस प्रयास को अभिभावकों द्वारा भी सराहा जा रहा है, क्योंकि इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिल रही है।