मनाली। अटल टनल मार्ग पर धुंधी पुल के समीप एक वयस्क तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच के बाद तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से होना पाया गया। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत गठित समिति की उपस्थिति में उपमंडलीय चिकित्सालय अलेउ, मनाली में पशु चिकित्सक द्वारा तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण प्राकृतिक बताया गया है।
सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वन विभाग ने नियमानुसार तेंदुए के शव का निस्तारण कर दिया। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें जंगल या आसपास के क्षेत्रों में कोई मृत वन्यजीव दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।