सोलन– सोलन जिले में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर ब्रोरी के समीप दूध से भरा एक कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के समय कैंटर में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जो गनीमत रही कि सुरक्षित बच गए। इस दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल भी कैंटर की चपेट में आ गई, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के कारण सड़क किनारे लगी रेलिंग, बिजली का खंभा, बिजली की तारें तथा पानी की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
