शिमला जिला परिषद अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव टला, बैठक में नहीं पहुंचा एक भी सदस्य

 

SHIMLA…शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव टल गया है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव लिए बुलाई गई बैठक आज नहीं हो सकी। 25 सदस्यीय जिला परिषद के एक भी निर्वाचित सदस्य के बैठक में शामिल होने के लिए नहीं पहुंचने से चुनाव प्रक्रिया नहीं हो सकी। निर्धारित कोरम पूरा न होने के कारण अब चुनाव अगली तारीख के लिए टल गया है। अब जिला प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है और जल्द ही अगली बैठक की नई तारीख तय की जाएगी।

डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए आज बैठक बुलाई गई थी। जिला परिषद में कुल 25 सदस्य हैं, लेकिन बैठक में एक भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। किसी भी सदस्य के नहीं पहुंचने के कारण आवश्यक कोरम पूरा नहीं हो सका, जिसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं कराया जा सका। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस बात की जानकारी लेगा कि आखिर सभी सदस्य बैठक से अनुपस्थित क्यों रहे। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं नियमों पर बोलते हुए उपायुक्त शिमला का अनुपम कश्यप ने कहा कि पहली बैठक में दो तिहाई सदस्यों का पहुंचना आवश्यक होता है जो आज पूरा नहीं हो सका. उन्होंने कहा कि दूसरी बैठक के लिए 50 फ़ीसदी सदस्यों का होना आवश्यक है उसी स्थिति में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव हो सकेगा। डीसी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए जल्द ही अगली बैठक की तारीख तय की जाएगी, जिसकी सूचना सभी संबंधित सदस्यों को समय पर दी जाएगी।