शिमला..नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई अब केवल चिट्टा-हेरोइन की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों के आर्थिक साम्राज्य पर भी बड़ी चोट की है। ज़िला शिमला ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि पंजाब के बठिंडा से जुड़े एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 2.09 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त/फ्रीज की है।
ज़िला शिमला ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि मामले की शुरुआत 20 जून को हुई, जब शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर कनलोग स्थित एक होम-स्टे में छापेमारी की। यहां बठिंडा निवासी गोपाल कुमार को करीब 16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच में पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए इस खेप के पैडलर गुरुवचन उर्फ गुरु निवासी बठिंडा को मोहाली से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 162 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बठिंडा निवासी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ के लिए नशे का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने उसे इस नेटवर्क का प्रमुख सरगना पाया। इसके बाद शिमला पुलिस ने सुनियोजित तरीके से बठिंडा में ज्वाइंट ऑपरेशन कर दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ को गिरफ्तार किया।
ज़िला शिमला ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि दीपक कुमार आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। इनमें 12 जून 2023 को एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 100 ग्राम की बरामदगी का मामला, 15 फरवरी 2018 को धारा 354 और 354-डी IPC और 21 जनवरी 2022 को धारा 188 IPC का मामला शामिल है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि दीपक उर्फ कर्णी बराड़ के बैंक खाते में पिछले छह महीनों के दौरान 50 लाख रुपये से ज्यादा के लेनदेन हुए हैं।
इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामले में वित्तीय जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच में आरोपी कर्णी बराड़ और उसके सहयोगियों द्वारा नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों और परिसंपत्तियों की पहचान की गई। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.09 करोड़ रुपये है, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया है। जब्त/फ्रीज की गई संपत्तियों में Fortuner, Endeavour, Tata Safari, Verna, Swift और Jetta जैसे लग्जरी वाहन, दो कमर्शियल प्रॉपर्टी S-4 Sports Club और S-4 Car Wash Centre, एक आवासीय मकान और बैंक बैलेंस शामिल हैं।
ज़िला शिमला ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करों और सप्लायरों से संबंधित करीब 6.38 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 और 2024 में इस तरह की कार्रवाई का आंकड़ा शून्य था। वर्ष 2026 की यह कार्रवाई शिमला पुलिस की अब तक की सबसे प्रभावी वित्तीय कार्रवाई है। साथ ही, इस वर्ष हिमाचल प्रदेश की किसी भी जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों की अवैध संपत्ति के खिलाफ यह सबसे बड़ी जब्ती की कार्रवाई है।