ज्वालामुखी में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर,,,पूर्व मंत्री रविंद्र रवि के नेतृत्व में निकली यात्रा, महिला और युवा मोर्चा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल

SHIMLA…भाजपा मंडल ज्वालामुखी की ओर से मंगलवार को ज्वालामुखी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र रवि के नेतृत्व में निकाली गई यह यात्रा बोहन चौक से शुरू होकर बस स्टैंड तक पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। देशभक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना।
तिरंगा यात्रा में भाजपा के जिला देहरा प्रभारी राजेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष अजय खट्टा, ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमारी और खुंडियां मंडल अध्यक्ष संजय राणा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रामलोक धनोटिया सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बूथ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, देव समाज प्रकोष्ठ और अन्य मोर्चों के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महिला शक्ति ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रविंद्र रवि ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ भारतीयों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसी दिन अंग्रेजों को भारत छोड़ने का संदेश बुलंद हुआ था और देशवासियों ने आजादी के लिए निर्णायक संघर्ष का संकल्प लिया था।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और लंबे संघर्ष का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया गया है।
रविंद्र रवि ने कहा कि 2 अगस्त से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और 17 अगस्त को सम्मानपूर्वक तिरंगा उतारें।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। भाजपा आने वाले दिनों में भी राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएगी। उन्होंने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।