सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लोअर बसाल में टीकाकरण सत्र आयोजित

ऊना,. स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 31 अगस्त, 2026 तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजकीय उच्च विद्यालय, लोअर बसाल में पात्र बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया।
यह जानकारी देते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा कालिया ने बताया कि जिले में ‘मिशन 4500’ के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को टीकाकरण का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि लोअर बसाल स्कूल में आयोजित टीकाकरण सत्र के लिए 10 पात्र बालिकाओं की पहचान की गई थी, जिनमें से 8 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक, शिक्षकगण एवं बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।