कुल्लू में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के लिए 13 से 15 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन

कुल्लू।हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड , परिचालन वृत कुल्लू के अंतर्गत आने वाले प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को जागरूक करने और उनका पंजीकरण करने के लिए कुल्लू में 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
परिचालन वृत कुल्लू के उप मुख्य अभियंता ई० रोहित ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, केंद्रीय वित्तीय सहायता व उपदान (सब्सिडी), छत पर सौर ऊर्जा स्थापना तथा नेट मीटरिंग के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस शिविर में लोगों का योजना के तहत मौके पर ही पंजीकरण किया जाएगा, साथ ही उपभोक्ताओं को पंजीकृत रूफटॉप सोलर विक्रेताओं और सहयोगी बैंकों के साथ जोड़ा जाएगा ताकि उन्हें ऋण (लोन) एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त हो सके। यह शिविर अधीक्षण अभियंता, परिचालन वृत, हि.प्र. स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड, कुल्लू के कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कुल्लू के समस्त निवासियों से अपील की है कि वे रूफटॉप सोलर के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने और इस योजना का लाभ उठाने के लिए शिविर में बड़ी से बड़ी संख्या में भाग लें।