सोलन के मॉल रोड पर मोबाइल दुकान में चोरी का प्रयास, सुरक्षा कर्मी की मुस्तैदी से टली लाखों की चोरी

 

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के मॉल रोड पर चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बुधवार तड़के करीब चार बजे चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। हालांकि, सुरक्षा कर्मी की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। समय रहते घटना का पता चलने से दुकान में रखे लाखों रुपये के मोबाइल फोन और अन्य सामान को चोरी होने से बचा लिया गया।

मोबाइल दुकान के स्टोर इंचार्ज अंकु के अनुसार, अलसुबह करीब चार लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। आरोपी दुकान के भीतर दाखिल होने में कामयाब हो गए, लेकिन वहां तैनात सुरक्षा कर्मी की सतर्कता के चलते वे चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। सुरक्षा कर्मी की मुस्तैदी से दुकान में रखा कीमती सामान सुरक्षित बच गया।

घटना के बाद दुकान प्रबंधन ने मामले की शिकायत पुलिस को सौंप दी है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।

वहीं, त्योहारी सीजन के मद्देनजर शहर के व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। दुकान प्रबंधन की ओर से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई है, ताकि रात के समय होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और व्यापारियों की दुकानों व कीमती सामान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।